दिलवाड़ा में हिन्दू सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद के निकटवर्ती ग्राम दिलवाड़ा में रविवार को हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे तेजा जी महाराज के मंदिर पर कलश पूजन से हुई, जिसके बाद गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में राम दरबार, लक्ष्मीबाई, भारत माता की आकर्षक झांकियां, भगवा ध्वज एवं जय सियाराम, शिवाजी महाराज, भारत माता के जयघोष से पूरा गांव गूंज उठा।
कलश यात्रा के दौरान अखाड़ा टीम द्वारा जगह-जगह हैरतअंगेज कलाबाजियां दिखाई गईं। महिलाएं भजन-गीत गाती रहीं, वहीं श्रद्धालुओं ने “हिंदुस्तान में रहना है तो वंदे मातरम् कहना होगा” जैसे नारों से माहौल को जोश से भर दिया। यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए परिक्रमा कर देवनारायण जी के मंदिर पहुंची, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इसके पश्चात धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसमें महंत महामंडलेश्वर नंदराम शरण जी महाराज (रामसखा आश्रम नवखंडी मंदिर पुष्कर) तथा स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक कैप्टन डॉ संत कुमार जी ने संबोधित किया।
डॉ संत कुमार ने कहा कि विदेशी भी भारत भूमि पर जन्म लेने के लिए भगवान की तपस्या करते हैं। उन्होंने बताया कि पांच परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण विषय पर अपनी बात रखी एवं स्वदेशी वस्तुएं खरीदने पर जोर दिया एवं सनातन की रक्षा के लिए हिंदू समाज को जाति पाति को भूलकर संगठित रहने पर जोर दिया नन्द शरण जी महाराज ने हिंदुओं को शास्त्र और शस्त्र दोनों का ज्ञान आवश्यक बताया। महामंडलेश्वर नन्द शरण जी महाराज ने कहा कि हिंदुत्व केवल शब्द नहीं, बल्कि हमारी चेतना, संस्कृति, इतिहास और भविष्य की हुंकार है। महामंडलेश्वर महाराज ने लोगों को प्रत्येक मंगलवार ओर शनिवार को मंदिरों में सुन्दर काण्ड पाठ करने का संकल्प दिलाया।
धर्मसभा से पूर्व सभी संतों का माला पहनाकर व भगवा दुपट्टा भेंट कर स्वागत किया गया। शस्त्र पूजा के साथ सभा का शुभारंभ हुआ। अंत में भारत माता की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। बीच-बीच में जयकारों से सभा स्थल गूंजता रहा।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष प्रहलाद चौधरी , संयोजक अशोक वैष्णव, कोषाध्यक्ष राजेश कहाल्या सहित समिति सदस्य शंकर सिंह काठियावाड़ी , दाता सरपंच सोहन सिंह रावत , डालचंद मेघवंशी , हरि गुर्जर दिलवाड़ी, सूरजकरण मेघवंशी , शिवराज गुर्जर बलवंता, राकेश प्रजापत, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश चौधरी ,अंबालाल चौधरी, विजयकरण चौधरी, राजू तेतरवाल राजेंद्र चौधरी आदि का विशेष योगदान रहा।


