DESH KI AAWAJ

नसीराबाद विधानसभा के बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रक्षिक्षण दिया

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। जवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद ,अजमेर मे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत गुरुवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र नसीराबाद के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद अजमेर के एमपी हॉल में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त दिशा-निर्देशों के अधीन व्यापक तकनीकी एवं प्रायोगिक जानकारी दी गई। बीएलओ को डेमो आधारित परिदृश्य गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र में उनके शंकाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से गणना फॉर्मों के वितरण एवं संकलन, आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों की प्राप्ति, मतदाता पहचान सत्यापन, प्रचार-प्रसार, तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बीएलओ की क्षमता निर्माण एवं क्षेत्रीय स्तर पर सटीक, अद्यतन और समावेशी मतदाता सूची तैयार करने की रणनीतियाँ साझा की गईं।
गौरतलब है कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष 2002 के पश्चात् पहली बार इस स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र में मुख्य रूप से देवीलाल यादव, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), नसीराबाद ने संबोधित किया। साथ ही प्रशिक्षक डीएलएमटी अतुल भारद्वाज, संजय दत्ता, एलएमटी अमरदीप वैष्णव, अतर सिंह यादव, रेखाराम, अरुण अल्फ्रेड, आजाद सिंह धर्मावत, राकेश, इत्यादि ने व्यापक प्रशिक्षण दिया तथा निर्वाचन शाखा से राजेश चौहान एवं रणजीत गुर्जर उपस्थित रहे।

admin
Author: admin