रामस्नेही संत रामशरण महाराज का केकड़ी में हुआ भव्य मंगल प्रवेश, 6 जुलाई से प्रारम्भ हुआ चातुर्मास महोत्सव, 3 अक्टूबर तक होंगे प्रतिदिन प्रवचन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। धार्मिक नगरी केकड़ी में रविवार, 6 जुलाई से रामस्नेही संप्रदाय के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त युवा संत श्री रामशरण महाराज (केलवा वाल) के सान्निध्य में चातुर्मास महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संत रामशरण महाराज का धार्मिक नगरी केकड़ी में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। पुरानी केकड़ी स्थित सुजापोल गेट बाहर स्थित पतवारी से संत श्री का पावन पद्धारवानी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां श्रद्धालु माताओं, बहनों एवं धर्मप्रेमियों ने भव्य स्वागत एवं आरती कर पुण्यलाभ प्राप्त किया। तत्पश्चात, संत महाराज की धार्मिक शोभायात्रा बैंड-बाजों, चंवर-दुलार, धार्मिक ग्रंथ वाणी जी एवं भक्ति संगीत के साथ रामस्नेही वाटिका (सूरजपोल गेट) तक निकाली गई। इस शोभायात्रा में नगर के श्रद्धालुजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संत के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ लिया। रामद्वारा चातुर्मास सत्संग समिति, केकड़ी के व्यवस्थापक आनंदी राम सोमानी ने बताया कि यह चातुर्मास महोत्सव 6 जुलाई से 3 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगा। इस अवधि में प्रतिदिन प्रातः 8:30 से 9:30 बजे एवं सायं 8:30 से 9:30 बजे तक रामस्नेही वाटिका में संत रामशरण महाराज द्वारा “भगवान और भक्तों के चरित्र” विषय पर भक्तिरस से परिपूर्ण प्रवचन होंगे। समिति के प्रमुख कार्यकर्ता निरंजन तोषनीवाल ने बताया कि यह चातुर्मास केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा और अध्यात्म से जुड़ने का सुनहरा अवसर है। रामद्वारा चातुर्मास सत्संग समिति, केकड़ी ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सत्संग में भाग लें, धर्मलाभ प्राप्त करें एवं अपने जीवन को आध्यात्मिक आलोक से प्रकाशित करें।


