निर्वस्त्र लाश से फैली सनसनी, लाश के पास मिली सेल्फोस की गोलियां
क्राईम न्यूज
हत्या या आत्महत्या
सराना थाना क्षेत्र में मिली निर्वस्त्र लाश से फैली सनसनी, लाश के पास मिली सेल्फोस की गोलियां
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । नसीराबाद के कोटा रोड स्थित सराना थानान्तर्गत क्षेत्र में बुधवार को एक निर्वस्त्र लाश मिलने से चारों ओर सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सराना थानान्तर्गत खेड़ी गांव के युवक की लाश 10 मील चौराहे के पास मिली, सूचना पर पहुंची सराना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर एफएसएल टीम के सहयोग से साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृश्यता से यह एक हत्या दिखाई पड़ती है परन्तु लाश के पास मिले देशी शराब के खाली पव्वों व सेल्फोस की गोलियां खाने से हुई उल्टियों के साक्ष्यों से पता चलता है कि यह जानबूझकर की हुई आत्महत्या है। हालांकि सराना पुलिस ने घटनास्थल से कोई सबूत लेना बाकी नहीं छोड़ा। पुलिस के लिए हैरानी की बात यह है कि लाश बिल्कुल निर्वस्त्र थी, तथा कपड़े पास ही पड़े मिले, साथ ही पास में ही उसकी स्वयं की मोटरसाइकिल भी थी। परिजनों ने बताया कि महेन्द्र लगभग 15 सालों से ट्रक ड्राइवर है, तथा मंगलवार को भी गाड़ी भरके कोटा चौराहे से दूसरे ड्राइवर को गाड़ी सौंपकर घर आ रहा था। इस बीच रात्रि में यह घटना शोकलिया व 8 मील चौराहे के बीच हुई। सराना पुलिस ने मृतक महेन्द्र का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, तथा पुलिस जांच में जुट गई।

पुलिस टीम में यह रहे शामिल
महेन्द्र रावत के प्रकरण में केकड़ी जिला पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, सराना थानाधिकारी विजय मीणा, एएसआई राजेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल शिवप्रकाश जांगिड़, सांवरलाल जाट, राजू सिंह, रणजोध सिंह, रामपाल सिंह, सुरेन्द्र आदि रहे।
महेन्द्र रावत समेत चार भाई हैं तथा खुद के एक पुत्र तथा एक पुत्री 5 वर्षीय पुत्र बाबू तथा 3 वर्षीय पुत्री गुड्डी है, तथा स्वयं के दो बड़े भाई तथा एक छोटा भाई है।
जांच के बाद ही पता चलेगा कि हत्या हुई है या आत्महत्या है
सराना थानाधिकारी विजय मीणा ने बताया कि घटनास्थल से लिए गए सैंपल की जांच एवं अन्य पूछताछ के बाद ही हत्या या आत्महत्या का पता लगेगा, अभी कुछ भी कहना मुश्किल है, क्योंकि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है।

