दिव्यांगो ने अधिकारियों के लिए सड़क पर मांगी भीख
सरस डेयरी बूथ आवंटन मामला
दिव्यांगो ने अधिकारियों के लिए सड़क पर मांगी भीख
चूरू. राजस्थान के चूरू में भ्रष्टाचार का विरोध जताने का अनूठा मामला सामने आया है. यहां दिव्यांगों को उनका हक देने के नाम पर उनसे पैसे मांगे गए. तो इसके विरोध में रिश्वत देने के लिए दिव्यांगों ने शहर के चौक-चौराहों पर अपने हाथों में थाली और कटोरा लेकर भीख मांगी. भीख मांग रहे दिव्यांग अख्तर खान ने सरस डेयरी बूथ आवंटन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में चार सरस बूथ पॉर्लर दिव्यांगों को अलॉट होने थे, लेकिन अभी तक दिव्यांगों को एक भी बूथ अलॉट नहीं हुआ है. नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी पैसे लेकर (रिश्वत) उनका हक दूसरों को दे रहे हैं. वो बूथ अलॉट के बदले उनसे पैसे मांग रहे हैं.

अख्तर खान ने कहा कि उनके पास रिश्वत देने के लिए पैसे नहीं हैं इसलिए शहर के दिव्यांगों को लेकर वो सड़कों पर हाथ में कटोरा लेकर ऑटो चालकों और धड़ी (रेहड़ी) संचालकों से भीख मांग रहे हैं.
सड़क पर भीख में मिली राशि को इकट्ठा कर अख्तर खान अपने दिव्यांग साथियों के साथ नगर परिषद आयुक्त को इसे देने गए तो चैंबर में उन्हें आयुक्त नहीं मिले. ऐसे में इन दिव्यांगों ने भीख की राशि आयुक्त के चैंबर में रख दी और कहा कि अगर इतने पैसे से भी उनका पेट नहीं भरता है तो वो सड़कों पर और भीख मांग लेंगे
तीन दिन से धरने पर बैठे हैं दिव्यांग
चूरू नगर परिषद के आगे पिछले तीन दिन से धरने पर बैठे दिव्यांगों ने कहा कि अभी तक उनके पास कोई अधिकारी, कर्मचारी या जनप्रतिनिधि नहीं आया है और उनसे उनकी समस्या नहीं पूछी है. दिव्यांगों ने अपना विरोध जताते हुए सड़कों पर भीख मांगी और थाली बजा कर प्रदर्शन किया.

