DESH KI AAWAJ

अजमेर वासियों ने मूक बधिर बच्चों की हौसला अफजाई

अजमेर वासियों ने मूक बधिर बच्चों की हौसला अफजाई

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर के कोटड़ा स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल के निकट बने मूक बधिर और दृष्टि बाधित बच्चों के छात्रावास परिसर में 13 नवंबर को भव्य मेले का आयोजन किया गया। यह सरकारी छात्रावास सामाजिक संस्था अपना घर के सहयोग से चल रहा है। इस छात्रावास में करीब सौ दिव्यांग बच्चे आत्मनिर्भर बनने के गुण सीख रहे हैं। 13 नवंबर को मेले में शहर भर के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर दिव्यांग बच्चों की हौसला अफजाई की। अनेक परिवार अपने छोटे बच्चों के साथ इस मेले में शामिल हुए। परिवार के बच्चों ने काफी समय दिव्यांग बच्चों के साथ भी गुजारा। अजमेर के प्रमुख लोगों की ओर से मेला स्थल पर विभिन्न व्यंजनों की स्टॉल भी लगाई गई। लोगों ने दिव्यांग बच्चों के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी लिया। हालांकि यह मेला दिव्यांग बच्चों की हौसला अफजाई के लिए था, लेकिन दिव्यांग बच्चे भी किसी से कम नजर नहीं आए। बच्चों ने अपने हाथों से जो सामग्री बनाई उसकी सभी ने प्रशंसा की। बच्चों द्वारा बनाई गई सामग्री की खरीदारी खूब हुई। संभवत: यह पहला मौका रहा जब दिव्यांग बच्चों की हौसला अफजाई के लिए शहर भर के लोग एकत्रित हुए। मेले को सफल बनाने में लायंस क्लब अजमेर प्रीमियम, बाल दीप ग्रुप, कल्याण संस्था, इन्हरवील क्लब, राजेंद्र मित्तल, भागचंद अग्रवाल, नवनीत परनामी, मेघा गर्ग, सुधीर झा आदि का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा। मेला संयोजक सुबोध जैन, गौरव गर्ग, सुनील गोयल, अजय अग्रवाल, राजकुमार गोयल आदि ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर डीएसपी छवि शर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस स्नेहलता पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष काबरा आदि ने भी दिव्यांग बच्चों की हौसला अफजाई की। मेला संयोजक सुबोध जैन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे मेले आयोजित किए जाते रहेंगे।

admin
Author: admin