गोगामेड़ी मेले में सफाई व्यवस्था चरमराने से मक्खियों के कारण बीमारियों के फैलने की आशंका, सौंपा ज्ञापन
गोगामेड़ी मेले में सफाई व्यवस्था चरमराने से मक्खियों के कारण बीमारियों के फैलने की आशंका, सौंपा ज्ञापन
–नियामत जमाला–
भादरा,2 सितंबर / भादरा विधानसभा क्षेत्र में गोगामेड़ी में लोकदेवता जाहरवीर गोगाजी महाराज के भाद्रपद महीने में एक माह चलने वाला मेला इस समय भाद्रपद शुक्ल पक्ष में चल रहा हैं। आने वाले तीन दिनों में दूसरे पक्ष का मेला परवान पर रहेगा। मेले के पहले पखवाड़े के समापन के बाद शुक्रवार को शुक्ल पक्ष की छठ के बावजूद मेला क्षेत्र में इस समय सफाई का अभाव देखने को मिल रहा हैं जो मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा हैं। जगह-जगह गंदगी व कुड़े कचरे के ढेर के कारण बनी सफाई अव्यवस्था के चलते मेले में आने जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ ग्रामीण भी हैरान व परेशान हैं। गोगाजी के श्रद्धालु गांव सरदारगढ़िया निवासी महेंद्रसिंह वर्मा ने मेला क्षेत्र में सफाई के अभाव के चलते शुक्रवार को मेला मैजिस्ट्रेट गोगामेड़ी को ज्ञापन सौंपकर मेले में जगह-जगह फैले गंदगी व कुड़े कचरा के ढेर, प्लास्टिक कचरे से अवगत कराते हुए शीघ्र ही मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार सफाई का ठेका पंचायत को दिया गया था जिसमें ग्रामीण आबादी के साथ-साथ मेला क्षेत्र की सफाई की जानी थी किंतु मेला क्षेत्र की भी सफाई पंचायत नहीं कर पाई है जबकि आबादी क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं है । महेन्द्र वर्मा के अनुसार उन्होंने मेला मैजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के साथ साथ मेला क्षेत्र में माकूल सफाई नहीं होने से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया हैं। वर्मा के अनुसार मेले में सबसे अधिक साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाने का निर्णय प्रशासन ने लिया था किन्तु साफ सफाई व्यवस्था सही नहीं होने से मेले में संक्रमित रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने सफाई अव्यवस्था के कारण मेला क्षेत्र में पनप रही मक्खियों की वजह से मेला क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्र में किसी भी तरह की महामारी फैलने की आशंका जताते हुए सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
फोटो – मेला क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था


