DESH KI AAWAJ

जैन समाज की अच्छी पहल,अब होगा इनका संरक्षण

जगदलपुर। बस्तर जिले के नगरीय निकाय क्षेत्र जगदलपुर व बस्तर में स्थित पुराने सार्वजनिक कुओं के संरक्षण के लिए कुआं करे पुकार के नाम से नईदुनिया के अभियान का असर होने लगा है। जनप्रतिनिधि और सेवा परोपकार के क्षेत्र में अग्रणी श्री ओसवाल श्वेतांबर जैन समाज ने कुओं की पुकार सुन ली है।

बस्तर नगर पंचायत स्थित देश के प्रथम राष्ट्रपति डा राजेंद्र प्रसाद की स्मृतियों से जुड़े 69 साल पुराने कुएं का जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण का कार्य वहां के स्थानीय विधायक व बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल की पहल से जनपद पंचायत करा रहा है।

मानसून सीजन शुरू होने से पहले वहां काम पूरा हो जाएगा। इसी तरह यहां नगरनिगम क्षेत्र जगदलपुर में शहर के मध्य स्थित सार्वजनिक कुओं के संरक्षण के लिए श्री ओसवाल श्वेतांबर जैन समाज ने पहल की है। नईदुनिया में खबर के प्रकाशन के बाद समाज ने नगरनिगम और जिला प्रशासन को ओसवाल भवन के समीप सर्किट हाउस रोड स्थित प्राचीन कुएं के संरक्षण का जिम्मा उठाने का प्रस्ताव दिया है।

समाजसेवी व बस्तर चेंबर आफ कामर्स व श्री ओसवाल श्वेतांबर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष भंवर बोथरा का कहना है कि नईदुनिया से शहर के पुराने कुओं के संरक्षण को लेकर जन जागरूकता का अभियान चला रहा है। इस अभियान से लोगों में जागृति आई है। भंवर बोथरा ने बताया कि समाज सर्किट हाउस रोड स्थित कुआं का जीर्णोद्धार कर इसके संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने को तैयार है। यहां सर्वसुविधायुक्त प्याऊ स्थापित कर सार्वजनिक जलप्रदाय के लिए विद्युत पंप लगाने की योजना का प्रस्ताव दिया गया है।

नईदुनिया ने पुराने सार्वजनिक कुओं की खराब होती स्थिति को सामने लाने दो चरणों में अभियान चलाया है। पहले चरण में 2020 में बस्तर नगर पंचायत स्थित 69 साल पुराने ऐतिहासिक कुएं से इसकी शुरूआत की गई थी। दूसरे चरण में हाल ही 17 मई 2022 से कुआं करे पुकार के नाम से अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभी तक एक दर्जन कुओं की दशा का प्रकाशन किया जा चुका है।

admin
Author: admin