DESH KI AAWAJ

JAIN समाज के लिए राज्यपाल ने कही यह बड़ी बात

बेंगलूरु. राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने जैन समाज की उदारता, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे भगवान महावीर के अहिंसा एवं प्राणी मात्र के प्रति दया की भावना के सिद्धांतों से अत्यंत प्रभावित हैं और अपने जीवन में अधिक से अधिक भगवान महावीर के सिद्धांतों पर आचरण करने का प्रयास करते हैं।
राज्यपाल रविवार को सिवांची ओसवाल जैन संघ के स्नेह मिलन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने संघ की निर्देशिका का विमोचन किया। शुभारंभ सिवांची ओसवाल जैन महिला संघ की सदस्यों द्वारा मंगलाचरण से हुआ। संघ के अध्यक्ष राजेंद्र जैन ने स्वागत किया।

राज्यपाल ने कहा कि जैन बंधु मानवता की सेवा में सदैव अग्रणी रहे हैं और राष्ट्र में कभी भी किसी भी विकट परिस्थिति के आने पर जन सेवा में अपने धन का सदुपयोग करने में अपने जीवन की सार्थकता समझते हैं इसके लिए जैन समाज की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।

निर्देशिका संयोजक राजेंद्र गुलेच्छा एवं सह संयोजक दिनेश सोलंकी ने निर्देशिका प्रकाशन की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें सिवांची ओसवाल जैन परिवारों की विस्तृत जानकारी समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। मुख्य अतिथि राज्यपाल का माला द्वारा संघ के महामंत्री अशोक सालेचा, साफा पहनाकर अध्यक्ष राजेंद्र जैन एवं पदाधिकारियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। स्नेह मिलन के लाभार्थी राजेंद्रकुमार यशकुमार छाजेड़ का संघ के पदाधिकारियों द्वारा अभिनंदन किया गया। महामंत्री अशोक सालेचा ने संघ के कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

संचालन राजेंद्र गुलेच्छा एवं नीलम ललवानी ने किया। सदस्यों को निर्देशिका भेंट स्वरुप प्रदान की गई। कलाकार रंजीत कुमार द्वारा हास्य कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। महिलाओं एवं बच्चों के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। सिवांची जैन युवा मंडल एवं सिवांची ओसवाल जैन महिला संघ का व्यवस्था में सहयोग रहा।

admin
Author: admin