विधि का विधान :जिस बस से उतरा, उसी से कुचलकर दिव्यांग की मौत
बदायूं। बदायूं डिपो परिसर में शनिवार रात 35 वर्षीय दिव्यांग पल्लेदार शिशुपाल की रोडवेज बस से कुचलकर मौत हो गई। शिशुपाल ससुराल संभल से लौटा था। डिपो परिसर में जिस बस से उतर रहा था, उसी से कुचल गया। रात तीन बजे परिवार वालों को इसकी सूचना मिली। उन्होंने बस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गन्ना दफ्तर निवासी शिशुपाल मंडी समिति में पल्लेदार था। वह एक पैर से दिव्यांग भी था। उसकी पत्नी अलका दो साल से अपने मायके संभल जिले में रह रही थी। शनिवार को शिशुपाल पत्नी को बुलाने संभल गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह संभल से रात में रोडवेज परिसर में बस से उतरने लगा। इसी दौरान ड्राइवर ने बस चला दी, जिससे शिशुपाल उसकी चपेट में आ गया और उससे कुचलकर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से भाग गया। बाद में एकत्र हुए कुछ लोगों ने शिशुपाल के शव को उठाकर टिनशेड में रखवाया लेकिन सूचना परिवार वालों को नहीं दी गई। रात तीन बजे पुलिस को जानकारी हुई। तब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसने परिवार वालों को खबर की। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने ड्राइवर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। थाना पुलिस ने रविवार दोपहर शिशुपाल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया

पुलिस के कुछ अलग ही सुर
रोडवेज चौकी पुलिस के मुताबिक शिशुपाल शनिवार रात संभल जिले से लौटा था। वह बस से उतरकर घर नहीं गया। वह परिसर में ही सो गए। उसके बाद किसी बस से कुचलकर उसकी मौत हो गई। रात तीन बजे इसकी सूचना मिली। तब परिवार वालों को इसकी जानकारी दी गई।
–
पल्लेदारी से चला रहा था परिवार
शिशुपाल एक पैर से दिव्यांग था। इसके बावजूद वह पल्लेदारी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। शिशुपाल तीन भाइयों में मझला था। उसकी एक अविवाहित बहन, चार साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। दोनों बच्चे अपनी मां के पास हैं।
–
गन्ना दफ्तर के पीछे रहने वाला व्यक्ति रात संभल से लौटा था। बस स्टैंड पर उसकी किसी बस से दबकर मौत हुई है। उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। परिवार वाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
– प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी
–
हमारी किसी बस से ऐसी घटना नहीं हुई है। हमारे यहां परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इनसे भी सच्चाई सामने आ जाएगी। हो सकता है कि स्टैंड के बाहर कोई हादसा हुआ हो। पुलिस जांच करे तो सही बात पता लगेगी।

