अगर आपके घर में फ्रीज हैं तो हो जाओ सावधान
गर्मी में बहुत जरूरी खबर: सावधान- फ्रिज मेंं रखे खाने से हो सकती हैं आपकी सेहत ख़राब!
सुखराम मीणा /दिव्यांग जगत
गर्मी आते ही फ्रिज की हालत बुरी हो जाती है। जो भी खाना बचा तो फटाफट इस डर से फ्रिज में रख दिया जाता है कि गर्मी में खराब न हो जाए। जिस घर में ज्यादातर लोग कामकाजी हैं, वहां की स्थिति तो और बुरी होती है। गूंथा हुआ आटा, उबली दाल, कटी सब्जियां, फल और मछली, बटर और न जाने क्या-क्या। सब स्टॉक करके रखते हैं, ताकि काम से लौटते ही खाना बनाने में आसानी हो।

समय की बचत के लिए तो यह सब करना सॉल्यूशन लगता होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि फ्रिज के अंदर खाना रखने की भी एक लिमिटेशन होती है। तो चलिए आपके लिए दिव्यांग जगत- देश की आवाज पत्रिका लेकर आया है सही व सटीक फ्रिज में खाने को सही तरीके से रखने की जानकारी….
सबसे पहले समझते हैं कि फ्रिज में खाना खराब क्यों नहीं होता…?
बाहर के तापमान से फ्रिज का तापमान कम होता है। ऐसे में जो बैक्टीरिया बाहर के ज्यादा तापमान में पनपकर खाने को खराब कर देते हैं, वही फ्रिज के अंदर के कम तापमान में पनप नहीं पाते हैं। इसी वजह से फ्रिज में रखा खाना एक निश्चित समय तक सुरक्षित बना रहता है।
एक तय समय के बाद खाना हो सकता है खराब!
जो लोग जानबूझकर खाना ज्यादा बनाकर फ्रिज में रखते हैं, उन्हें सबसे पहले यह वहम निकाल देना चाहिए कि फ्रिज में खाना खराब नहीं होता। ऐसे कई फूड आइटम्स हैं, जो एक तय समय के बाद फ्रिज में ही खराब हो जाते हैं।
इसी तरह यह भी याद रखें कि फ्रिज की जिस रैक पर पका हुआ सामान रख रहे हैं उस पर कच्चा सामान न रखें। ऐसा करने से फ्रिज के अंदर बैक्टीरिया बढ़ते हैं। इसलिए दोनों को अलग-अलग रैक पर रखें। इससे कच्चे खाने का बैक्टीरिया पके हुए खाने में जाकर उसे खराब नहीं करेगा। पके खाने को स्टील के टिफिन में रखना सबसे सुरक्षित है।
दरअसल रेफ्रिजरेटर का जो तापमान होता है, उसको अलग-अलग हिस्सों के हिसाब से बांटा गया होता है। आमतौर के फ्रिज में फ्रीजर के नीचे वाला सेल्फ बाकियों की तुलना में ज्यादा ठंडा होता है। रेफ्रिजरेटिंग चेंबर का एवरेज टेंपरेचर +1 डिग्री से +6 डिग्री तक होता है। खाने की सुरक्षा टेंपरेचर पर डिपेंड करती है, इसलिए सामान के हिसाब से टेंपरेचर रखना चाहिए।
फ्रिज मे रखे जाने वाली सबसे ज्यादा चीजो के बारे में जानकारी
दूध : इसमें बैक्टीरिया जल्दी पनपता है। इसलिए ज्यादा दिन तक इसे फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। डिब्बा बंद दूध (टेट्रा पैक) पर एक्सपायरी डेट होती है, उसे चेक करते रहें। l
रोटी : रोटी का एक नियम है। इसे बनाने के बाद 8 से 12 घंटे के अंदर खानी चाहिए। रोटी को फ्रिज में रखकर खाने से बचना चाहिए। अगर ज्यादा बन गई हैं, बच गई हैं, तो इसे फ्रिज में रख सकते हैं, लेकिन इसे भी 8 घंटे के अंदर खा लें। ज्यादा दिन तक फ्रिज में रोटी रखकर खाने से पेट संबंधित समस्या हो सकती है।
दाल : दाल की पौष्टिकता बनाए रखने के लिए इसे ताजा बनाकर खाना चाहिए। अगर दाल बच जाती है तो फ्रिज में रखें, लेकिन इसे दूसरे दिन ही खा लें। ऐसा नहीं करने से पेट दर्द और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
कटे हुए फल : कटे हुए फल को फ्रिज में रखना ही नहीं चाहिए। यह आपकी सेहत को खराब कर सकता है। आमतौर पर भी कटे फल बहुत देर तक रखकर नहीं खाना चाहिए। फल जब भी खाना हो उसे उसी वक्त काटें।
चलते-चलते काम की 5 बातें
1.गर्म खाना फ्रिज में न रखें।
2.खुले कैन को फ्रिज में न रखें।
3.फ्रिज की सफाई समय-समय पर करें।
4.फ्रिज का डोर सही तरह से बंद करें।
5.आमतौर पर रेफ्रिजरेटर में बहुत सारा खाना या सामान एकसाथ रखते वक्त डोर लंबे समय तक खुला रहता है। ऐसे में फ्रिज का टेंपरेचर मिनिमम कर खाना या सामान उसमें रखें। जब सामान पूरा रख दें उसके बाद टेंपरेचर नॉर्मल कर दें।

