भारत विकास परिषद केकड़ी ने घुमन्तू परिवारों के संग बाटी दीपावली की खुशियां, मिठाईयां व पूजन सामग्री के किट किए वितरित
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के उन जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां बांटने का भी अवसर है, जो विभिन्न कारणों से मुख्यधारा से दूर रहकर जीवनयापन कर रहे हैं। इसी सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को साकार करते हुए भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी की ओर से दीपावली के शुभ अवसर पर अनूठी सेवा पहल की गई।
शाखा की ओर से केकड़ी शहर के आसपास के गांवों तथा जंगलों में निवास कर रहे घुमंतू परिवारों तक पहुंचकर उन्हें दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाया गया। इस दौरान परिवारों को मिठाई, लक्ष्मी पूजन सामग्री, दीपक एवं फूलमाला के विशेष किट वितरित किए गए, ताकि ये परिवार भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मना सकें।
परिषद के सदस्यों ने इन परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं। सेवा कार्य के माध्यम से परिषद ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचाने तथा जरूरतमंद परिवारों के जीवन में उत्सव का उजास भरने का संदेश दिया।
इस सेवा गतिविधि में शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, ,सेवा संयोजक नंदलाल गर्ग, वरिष्ठ सदस्य सुभाष भाल एवं निहालचंद मेड़तवाल ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं प्रांतीय सेवा संयोजक सर्वेश विजय तथा प्रांतीय जिला अजमेर सह समन्वयक कैलाश चंद जैन का भी विशेष सहयोग रहा।
भारत विकास परिषद की इस पहल ने दीपावली के पर्व पर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रेरक संदेश दिया। परिषद का उद्देश्य रहा कि दीपोत्सव की खुशियां केवल शहर और संपन्न परिवारों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों तक भी पहुंचे। जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाली यह पहल दीपावली के वास्तविक अर्थ को सार्थक करती नजर आई।


