जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज में आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस के चिकित्सा क्षेत्र में उपयोग पर CME आयोजित
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मेडिकल कॉलेज, अजमेर के जीव रसायन (बायोकेमिस्ट्री) विभाग द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं पर CME (सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक तथा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS), जयपुर के डीन, फैकल्टी ऑफ मेडिसिन, डॉ. अनिल सामरिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए चिकित्सा क्षेत्र में AI की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उद्देश्य मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र आहूजा, अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं विभागाध्यक्ष, RUHS, जयपुर ने चिकित्सा क्षेत्र में होने वाली छोटी-बड़ी त्रुटियों के निराकरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका एवं उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने AI के वर्तमान उपयोग, भविष्य के आयामों और संभावनाओं पर चर्चा करते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने जेएलएन मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में जीव रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरला महावर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद खरे, अधीक्षक, जेएलएन चिकित्सालय; डॉ. अमित यादव, उपाधीक्षक, जेएलएन चिकित्सालय; कॉलेज के समस्त अतिरिक्त प्रधानाचार्य तथा आचार्य, सह-आचार्य एवं वरिष्ठ रेजिडेंट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के प्रति चिकित्सकों को जागरूक करना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।


