बारात में शामिल होकर वापस आ रहे चाचा भतीजे की सड़क दुघर्टना में हुई मौत , पुष्कर में छाया मातम
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। खुशियों के एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे दो युवकों के लिए रास्ते का सफर आखिरी सफर बन गया। अजमेर-पुष्कर मार्ग पर मेडिकल कॉलेज के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुष्कर निवासी दो युवकों की मौत की सूचना सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान माली मोहल्ला निवासी हुकमचंद पुत्र पूनमचंद दगदी और यश दगदी पुत्र त्रिलोकचंद दगदी के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक किसी परिचित की बारात में शामिल होने गए थे। बारात की खुशियों में शरीक होने के बाद दोनों TVS जुपिटर पर सवार होकर वापस पुष्कर लौट रहे थे। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज के पास हादसा हो गया।
किसी को क्या पता था कि कुछ समय पहले तक बारात की खुशियों में शामिल होकर मुस्कुराने वाले दोनों युवक अब कभी अपने घर नहीं लौटेंगे। परिवार के लोग जिनके आने का इंतजार कर रहे होंगे, वहां अचानक ऐसी दुखद खबर पहुंचने से खुशियां मातम में बदल गईं।
एक ही परिवार के चाचा-भतीजे का इस तरह साथ छूट जाना बेहद हृदयविदारक है। घटना की सूचना से माली मोहल्ले सहित पूरे पुष्कर में शोक की लहर दौड़ गई।

