नसीराबाद में हुऐ विराट हिन्दू सम्मेलन में दिखी सर्व समाज की एकता, विराट हिन्दू सम्मेलन बना सोहार्द एवं सामाजिक एकता का प्रतीक
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद में सर्व समाज की सहभागिता से आयोजित भव्य, विशाल और विराट हिंदू सम्मेलन में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। आयोजन के दौरान एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। शोभायात्रा में घुड़सवार युवती की वीरता भरी प्रस्तुति ने वीर सपूतों की शौर्यगाथाओं की याद दिला दी और दर्शकों में भी देश भक्ति के प्रति भरपूर जोश नजर आया।
सम्मेलन के पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं के साथ-साथ युवतियां और बच्चे भी पूरे जोश के साथ शोभायात्रा में शामिल रहे। वहीं पुरुष वर्ग ने भी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखी और पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सामाजिक समरसता का एक सुंदर संगम भी देखने को मिला, जब पूज्य गुरुओं के सान्निध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा सदर बाजार से होते हुए गांधी चोक स्थित डीएवी स्कूल में संपन्न हुई। इसके पश्चात आयोजित समरसता भोज में सभी जाति और सभी धर्म के लोगों ने एक साथ बैठकर सहभागिता निभाते हुए भोजन ग्रहण किया जो आपसी भाईचारे और सौहार्द का सशक्त संदेश देता नजर आया। इस विराट आयोजन की तैयारियां आज या कल की नहीं, बल्कि महीनों की सतत दिन-रात की मेहनत का परिणाम रहीं। आयोजकों की प्रतिबद्धता और समर्पण ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर निगरानी बनाए रखी गई। वहीं पुलिस विभाग भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। सभी ने अपने-अपने दायित्वों का कर्तव्यनिष्ठा से पालन करते हुए इस विराट आयोजन को सफल बनाया।
यह सम्मेलन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और सहयोग का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता नजर आया।


