रिस्क लेकर दो पहिये पर तेज रफ्तार में रिक्शा चलाता है ये शख्स, लोग इसे बोलते हैं ‘साउथ सुपरस्टार’
- चेन्नई के ऑटो ड्राइवर ने मचाई सनसनी
- थ्रीव्हीलर को दो पहिये से चलाता है ये शख्स
- स्टंट में माना जाता है साउथ का सुपरस्टार
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) का इंस्टाग्राम पेज रोजाना थ्रोबैक वीडियो और तस्वीरें शेयर करता है, जिसमें कई विश्व रिकॉर्ड हैं. 6 अक्टूबर को, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स पेज ने चेन्नई के एक ऑटो-रिक्शा ड्राइवर की 2016 की एक क्लिप शेयर की, जिसमें वह अपने तीन पहियों वाले ऑटो को दो पहियों पर चला रहा था. वीडियो में जगतीश एम (Jagathish M) को तीन पहिया ऑटो को दो पहियों पर 2.2 किलोमीटर की दूरी तक चलाते हुए दिखाया गया है. यह वीडियो एक बार फिर वायरल हो गया है, और अविश्वसनीय स्टंट ने लोगों को हैरानी में डाल दिया.
चेन्नई के ऑटो ड्राइवर ने मचाई सनसनी
वीडियो को शेयर करते हुए, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने लिखा, ‘एपिक ऑटो-रिक्शा साइड व्हीली. चेन्नई के ऑटो-रिक्शा चालक जगतीश एम ने भारत के टुक टुक रिक्शा को एक तरफ ड्राइव करके रिकॉर्ड कायम किया है.’
थ्रीव्हीलर को दो पहिये से चलाता है ये शख्स
गौरतलब है कि जगतीश ने ‘ऑटो रिक्शा पर सबसे दूर तक साइड-व्हीली’ के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया था. जगतीश ने जीडब्ल्यूआर से कहा, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह रिकॉर्ड हासिल किया जा सकता है, लेकिन मैं खुश हूं.’ जीडब्ल्यूआर के बयान के मुताबिक, जगतीश को कम से कम 1 किलोमीटर की दूरी तक सिर्फ दो पहियों पर ही रुकना था, लेकिन उन्होंने दो पहियों पर 2.2 किलोमीटर की दूरी तक अपना तीन पहिया वाहन चलाकर एक कीर्तिमान स्थापित किया.
स्टंट में माना जाता है साउथ का सुपरस्टार
यह वीडियो शेयर होने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया और 405,151 से अधिक बार देखा गया है, जबकि 70 हजार से ज्यादा लाइक्स मिले. इस वीडियो पर कई सारे कमेंट्स भी आए हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘फास्ट एंड फ्यूरियस 10 का स्टंट डायरेक्टर मिल गया’, वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, ‘यह सिर्फ भारतीय ही कर सकते हैं.’

