प्रदेश उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने केन्द्रीय बजट को 2047 तक आत्मनिर्भर भारत की नींव, सबका साथ – सबका विकास का सशक्त दस्तावेज बताया
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने अजमेर कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के नारे को सार्थक करता है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत बनाने के संकल्प को इसी बजट के माध्यम से धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट के प्रमुख अंशों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें किसान, युवा, महिला और गरीब को विकास की धुरी बनाया गया है। कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि, सिंचाई परियोजनाओं और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष फोकस किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए बढ़ा हुआ आवंटन सड़कों, रेल, शहरी परिवहन और औद्योगिक विकास को नई गति देगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने वाले प्रावधान बजट को भविष्य उन्मुख बनाते हैं। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए दिया कुमारी ने कहा कि महिला उद्यमिता, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को बजट में प्राथमिकता दी गई है। वहीं गरीब वर्ग के लिए आवास, स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि “विकसित भारत @2047” के विज़न का स्पष्ट रोडमैप है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से राजस्थान सहित पूरे देश में विकास की रफ्तार और तेज होगी। अंत में उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट समावेशी विकास, मजबूत अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।


