DESH KI AAWAJ

भारत विकास परिषद मध्य प्रांत की द्बितिय प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक केकड़ी में हुई आयोजित, बैठक में सेवा, संस्कार व संगठन विस्तार पर हुआ मंथन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत (उत्तर-पश्चिम क्षेत्र) की सत्र 2026-27 की द्वितीय प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक रविवार को केकड़ी के निकट स्थित छाबड़िया फोर्ट में सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में सेवा, संस्कार, संगठन विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सहभागिता, सदस्यता अभियान तथा आगामी प्रांतीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा एवं भावी कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि मध्य प्रांत के अंतर्गत आने वाले अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर एवं राजसमंद जिलों के प्रांतीय दायित्वाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य बैठक में शामिल हुए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख कमल किशोर व्यास, प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़, प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित सोनी तथा प्रांतीय संगठन सचिव प्रशांत पाबूवाल मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने भारत माता एवं युगपुरुष स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम गा कर बैठक का शुभारंभ किया।
प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ ने प्रथम प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन प्रस्तुत किया तथा त्रैमासिक गतिविधियों की समीक्षा रखी। प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित सोनी ने वित्तीय व्यवस्था एवं आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
बैठक में जिला समन्वयकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अजमेर जिला समन्वयक कैलाशचंद जैन ने जिले की 16 शाखाओं, भीलवाड़ा जिला समन्वयक ने 17 शाखाओं, ब्यावर जिला समन्वयक जितेंद्र पीपाड़ा ने 8 शाखाओं तथा राजसमंद जिला समन्वयक नवीन असावा ने राजसमंद शाखाओं की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
प्रांतीय संपर्क संयोजक अजय सोमानी ने प्रांत की 46 शाखाओं की संपर्क गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सफलता प्रभावी संपर्क व्यवस्था पर निर्भर करती है। वहीं प्रांतीय सेवा संयोजक सर्वेश विजय ने रक्तदान, नेत्रदान, देहदान, सरल सामूहिक विवाह, नशा मुक्ति, गौसेवा एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता सहित विभिन्न सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान 27 शाखाओं ने उल्लेखनीय सेवा कार्य किए, जिनमें केकड़ी शाखा द्वारा देहदान जागरूकता एवं सेवा कार्य विशेष रूप से सराहनीय रहा।
प्रांतीय संस्कार संयोजक अरुण बाहेती ने संस्कार संबंधी गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। महिला सहभागिता संयोजक शारदा चेचानी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि रिंकू सोमानी ने ‘बेटी बसाओ -बेटी बढ़ाओ’ अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
प्रांतीय पर्यावरण संयोजक राजेश कामदार ने अधिकाधिक पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त 2026 को शाखा स्तर पर ‘ अखिल भारतीय भारत को जानो’ लिखित प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि इसकी प्रांतीय स्तरीय प्रतियोगिता 18 अक्टूबर 2026 को शाहपुरा में संपन्न कराई जाएगी।
सदस्यता पखवाड़े की समीक्षा में बताया गया कि अजमेर जिले में 109 नए सदस्य बनाए गए हैं तथा 6 नई शाखाओं के लिए स्थान चयनित किए गए हैं। इसी प्रकार भीलवाड़ा एवं राजसमंद जिलों में भी नई शाखाओं के गठन की प्रक्रिया जारी है। लक्ष्य के अनुसार प्रांत में कुल 14 नई शाखाओं का गठन किया जाएगा।
प्रांतीय संगठन सचिव प्रशांत पाबूवाल ने अपने संबोधन में सभी शाखाओं से सेवा, संपर्क, संस्कार एवं पर्यावरण संबंधी गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं नियमित रूप से संचालित करने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख कमल किशोर व्यास ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान परिषद की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने तथा प्रत्येक शाखा को उत्कृष्ट शाखा के रूप में विकसित करने पर बल दिया।
बैठक के समापन अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य सेवा, संस्कार एवं संगठन के माध्यम से समाज को नई दिशा देना है। उन्होंने सभी शाखाओं से अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मध्य प्रांत के चारों जिलों से करीब 40 कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए केकड़ी शाखा के अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन एवं कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया का सम्मान किया गया। अंत में सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान के साथ बैठक का समापन हुआ।

admin
Author: admin