DESH KI AAWAJ

जयपुर के सारांश स्टूडियो में सजे राजस्थानी सुर, एस आर के फिल्म प्रोडक्शन के गीत की रिकार्डिंग सम्पन्न

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। राजस्थानी संगीत और फिल्मी दुनिया के रंगों से सजी एक खास रचनात्मक घड़ी उस समय देखने को मिली जब जयपुर स्थित सारांश स्टूडियो में एसआरके फिल्म प्रोडक्शन के नए राजस्थानी गीत की रिकॉर्डिंग उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुई। इस गीत का निर्माण बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक-निर्माता सुरेश मुदगल के दिशा-निर्देशन में किया गया, जिन्होंने पूरे गीत को अपनी रचनात्मक दृष्टि से विशेष रूप दिया।
रिकॉर्डिंग के दौरान स्टूडियो में सुरों और संगीत की मधुर गूंज के बीच कलाकारों और तकनीकी टीम ने पूरे समर्पण के साथ कार्य किया। गीत का संगीत संयोजन अमित ओझा ने किया, जबकि अपनी सुरीली आवाज़ से गीत को जीवंत बनाने का कार्य अभिषेक मिश्रा ने किया।
इस गीत के बोल एसआरके फिल्म प्रोडक्शन की प्रोड्यूसर डॉ. भावना शर्मा द्वारा लिखे गए हैं। रिकॉर्डिंग के दौरान डॉ. भावना शर्मा भी मौजूद रहीं और पूरे प्रोजेक्ट को लेकर अपनी रचनात्मक सोच साझा की। वहीं साउंड इंजीनियर मनु शर्मा ने तकनीकी रूप से गीत को उत्कृष्ट ध्वनि देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गीत से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस राजस्थानी गीत की वीडियोग्राफी राजस्थान की खूबसूरत और ऐतिहासिक लोकेशनों पर की जाएगी। इस कार्य की जिम्मेदारी राहुल वर्मा निभाएंगे, जो इस प्रोजेक्ट में वीडियोग्राफी के साथ-साथ कास्टिंग डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर की भूमिका भी निभा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट की एक और खास बात यह है कि इसमें राजस्थान की स्थापित लोक प्रतिभाओं के साथ-साथ ग्लैम ऑफ बॉलीवुड सीजन-2 के विजेताओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। रिकॉर्डिंग के दौरान निर्देशक-निर्माता सुरेश मुदगल, प्रोड्यूसर डॉ. भावना शर्मा, गायक अभिषेक मिश्रा और संगीत संयोजक अमित ओझा सहित पूरी टीम मौजूद रही। टीम को उम्मीद है कि यह राजस्थानी गीत अपनी मधुरता और भव्य प्रस्तुति के कारण संगीत प्रेमियों के बीच खास पहचान बनाएगा।

admin
Author: admin