जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में छोटी बच्ची के पेट से चिकित्सकों ने एंडोस्कोपी द्वारा निगली पायल निकाली

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । 2 वर्षीय बच्ची ने चाँदी की पायल निगल ली थी। परिजन अत्यन्त परेशान स्थिति में सोमवार को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में बच्ची की लेकर पहुँचे। वहाँ उपस्थित चिकित्सकों ने उसका एक्स-रे करवाकर पायल की पेट में वर्तमान स्थिति सुनिश्चित की और अविलम्ब उसे एंडोस्कोपी थियेटर में स्थानांतरित कराया। वहाँ विभागाध्यक्ष डॉ. एम. पी. शर्मा के मार्गदर्शन में डॉ. राजमणि, डॉ मनोज कुमार, डॉ. संजय एवं नर्सिंगकर्मी कैलाश व आरती ने अविलम्ब बच्ची को ऑपरेशन टेबल पर लिटा कर एंडोस्कोपी द्वारा पेट से पायल को बाहर निकाल लिया। तत्पश्चात बच्ची के परिजनों ने राहत की साँस ली। विभागाध्यक्ष गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग डा. एम पी शर्मा ने
सभी परिजनों से आग्रह है कि वे अपने छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें कि गलती से कोई अवांछित द्रव्य, पदार्थ का सेवन न कर लें । क्योंकि कई बार इससे बच्चों के जीवन को खतरा उत्पन्न हो जाता है। यद्यपि परिजनों को इससे ज्यादा घबराने की आवश्यकता नहीं है। वे मरीज को गैस्ट्रो विभाग में ला सकते हैं, जहाँ त्वरित गति से उपचार संपादित करने की सुविधा उपलब्ध है।

