हारे के सहारे, के जयकारों के साथ खाटू श्याम धाम रवाना हुए श्री नगर से पदयात्री, भक्ति के रंग में रंगा श्री नगर कस्बा
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। श्रीनगर कस्बे में इन दिनों फाल्गुनी बयार बह रही है। शीश के दानी बाबा श्याम के जन्मोत्सव और वार्षिक फाल्गुनी मेले के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने खाटू धाम के लिए पैदल प्रस्थान किया। हाथों में बाबा का पावन ‘निशान’ (ध्वज) थामे जब भक्त सड़कों पर निकले, तो पूरा कस्बा श्याममय हो गया।
गुच्छी वाले बालाजी के दर पर सभी पदयात्रीयो ने माथा टेककर यात्रा का
शुभारंभ किया। यहाँ विशेष पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने बाबा श्याम के जयघोष के साथ हाथों में निशान धारण किए। ढोल-धमाकों और भजनों की धुनों पर नाचते-झूमते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भक्ति और श्रद्धा का संगम
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा लखदातारी के प्रति अटूट आस्था उन्हें हर वर्ष खाटू की ओर खींच लाती है। इस मौके पर मनीष यादव, सुनील प्रजापत, हरिओम यादव, सुरेंद्र यादव, धनराज रावत, भवानीसिंह रावत और सांवरा खींची सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे। कस्बे के मार्ग बाबा के जयकारों से गुंजायमान हो उठे और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया गया।


