DESH KI AAWAJ

गुरू पुर्णिमा महोत्सव पर श्री चन्द्र नाथ विधा मन्दिर में हुआ गुरु परम्परा का भव्य आयोजन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । नसीराबाद के देरांठू रोड स्थित श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को श्रद्धा, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के प्रतीक गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अंकित अग्रवाल (पूर्व छात्र एवं खंड कार्यवाह), विशिष्ट अतिथि कनक व्यास (पूर्व छात्र), विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश तथा समस्त आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। इसके पश्चात मोहन गुरुजी एवं आकाश द्वारा अतिथियों को श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रस्तुतियों के क्रम में कक्षा 10 की छात्रा खुशी वैष्णव ने संत कबीरदास के दोहों का भावार्थ प्रस्तुत करते हुए गुरु के महत्व को प्रभावशाली ढंग से समझाया। कक्षा 8 की छात्रा मानवी सुक्रिया ने अंग्रेज़ी भाषा में गुरु द्रोणाचार्य एवं एकलव्य की प्रेरणादायक कथा प्रस्तुत की, जबकि कक्षा 6 की छात्रा रूहानिका ने अंग्रेज़ी में गुरु के महत्व पर अपने विचार व्यक्त कर सभी को प्रभावित किया। इस अवसर पर आकाश ने गुरु पूर्णिमा का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व बताते हुए गुरु-शिष्य संबंध पर एक प्रेरक प्रसंग सुनाया। प्रधानाचार्य राजेश ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विद्यालय के सभी गुरुजी एवं दीदी का सम्मान करते हुए विद्यार्थियों को गुरु का आदर करने, उनके मार्गदर्शन का पालन करने तथा जीवन में संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अंकित अग्रवाल ने अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सफलता की दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजेश ने सभी अतिथियों, आचार्यों,दीदियों अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ दीं। पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान एवं भारतीय संस्कृति के गौरव से ओत-प्रोत रहा।

admin
Author: admin