नसीराबाद छावनी परिषद ने चलाया आवारा पशुओं के खिलाफ अभियान, 41 आवारा सांडों को पकड़कर शहरी सीमा से 20 किलोमीटर दूर चारागाह में छुड़वाया
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद छावनी परिषद ने नागरिक क्षेत्रों में बढ़ते आवारा गोवंशों की समस्या को देखते हुए एक विशेष अभियान मंगलवार से शुरुआत की है। इस अभियान के तहत, छावनी परिषद की टीम ने 41 आवारा सांडों को पकड़कर कांजी हाउस पहुंचाया।
मुख्य अधिशासी अधिकारी, मो. साकिब आलम के आदेशानुसार, इन सभी सांडों को छावनी सीमा से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित चारागाह में छोड़ा गया। यह अभियान नागरिक सुरक्षा और सड़कों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
छावनी परिषद नसीराबाद द्वारा यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। सभी पशुपालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें निर्धारित स्थान पर बांधकर रखें। नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

