नसीराबाद शनिवार से होगा राममय, संत मुरलीधर महाराज अमृतमयी वाणी से कराये भक्ति का रसपान
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद की पावन धरा पर 21 फरवरी (शनिवार) से 1 मार्च 2026 तक 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन होने जा रहा है। पूरे शहर में भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। जोधपुर से संत मुरलीधर महाराज पधारेंगे और अपने ओजस्वी वाणी से प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र का अमृतमय वर्णन करेंगे। कथा का आयोजन ज्ञान सागर समाधि स्थल, नवल रामजी की बगीची के पास प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। 21 फरवरी को विधिवत शुभारंभ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। उसी दिन प्रातः 10 बजे से 12:30 बजे तक भव्य कलश यात्रा हनुमान चौक से रवाना होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंचेगी। कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं और भक्तों की बड़ी संख्या में सहभागिता की संभावना है।
कथा क्रम में 23 फरवरी को श्रीराम जन्मोत्सव, 25 फरवरी को श्रीराम विवाह तथा 1 मार्च को राम राज्याभिषेक का भावपूर्ण एवं विशेष वर्णन किया जाएगा। समापन दिवस पर भव्य आरती और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कथा स्थल पर विशाल पांडाल का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और सजावट, प्रकाश व्यवस्था तथा मंच निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि कथा श्रवण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य निवेदक अल्का गोयल एवं ओमप्रकाश गोयल ने नगरवासियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम कथा का पुण्य लाभ लें और इस आध्यात्मिक महायज्ञ का हिस्सा बनें।
नसीराबाद अब रामनाम की गूंज से सराबोर होने को तैयार है, जहां हर हृदय में भक्ति की ज्योति प्रज्वलित होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने व कथा सुनने के लिए भक्तों को सन्देश देने हेतु भक्त प्रेमी अशोक वैष्णव , प्रहलाद चौधरी , राजेश माहेश्वरी , गोविंद नारायण जिंदल, जगदीश गोयल , राजेंद्र गोयल आदि ने ग्रामीण क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों को कथा सुनने का आह्वान किया एवं पीले चावल बाटे और निमंत्रण दिया। विशेष निवेदन क्षितिज गोयल , नीलाभ गोयल , अहान गोयल आदि ने भी ग्रामीण क्षेत्र दिलवाड़ा, दिलवाड़ी , गादेरी, मोडी , बलवंता, जाटिया , लवेरा, श्रीनगर , देरांठू आदि गांवो में पीले चावल बांटकर कर निमंत्रण दिया । साथ ही शनिवार सुबह 10 बजे कलश यात्रा में महिलाओं व पुरुषों को भी अधिक से अधिक संख्या में आने के लिए आग्रह किया ।


