DESH KI AAWAJ

Joe Biden News: बाइडन बोले- मिच्छामी दुक्कड़म, जैन समुदाय को पर्यूषण और दशलक्षण पर्व की शुभकामनाएं दीं

अमेरिका में जैन समुदाय के लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के संदेश का स्वागत किया। दक्षिण एशियाई समुदाय के नेता अजय भूतोरिया ने जैन समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार जताया।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने जैन समुदाय को पर्यूषण एवं दशलक्षण पर्व के समापन दिवस पर शुभकामनाएं दीं। अमेरिका में जैन समुदाय के डेढ़ लाख से अधिक लोग रहते हैं। यह भारत के बाहर किसी भी दूसरे देश में जैन समुदाय की सर्वाधिक संख्या है। बाइडन ने रविवार को फेसबुक पर लिखा कि जिल और मैं अमेरिका तथा दुनियाभर के जैन समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं देते हैं जिनके पर्यूषण एवं दशलक्षण पर्व का समापन हुआ है।

बाइडन ने अपने संदेश में यह भी लिखा

उन्होंने आगे लिखा कि आत्मावलोकन एवं क्षमा के इस समय में, हमें जीवन में शांति एवं संतोष प्राप्त हो। मिच्छामी दुक्कड़म और उत्तम क्षमा। जैन समुदाय के लोग पर्यूषण पर्व के दौरान आठ से दस दिन तक उपवास एवं ध्यान करते हैं। दस दिवसीय पर्व दशलक्षण पर्यूषण के बाद शुरू होता है।

जैन समुदाय ने किया स्वागत

अमेरिका में जैन समुदाय के लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के संदेश का स्वागत किया। दक्षिण एशियाई समुदाय के नेता अजय भूतोरिया ने जैन समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार जताया। आचार्य लोकेश मुनि ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति की शुभकामनाओं का स्वागत किया।

बाइडन ने दीवाली की भी शुभकामनाएं दी थीं

पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव में मिली जीत के तुरंत बाद जो बाइडन ने भारतीयों को दीवाली की शुभकामनाएं दी थी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा था ”लाखों हिंदू, जैन, सिख और बौद्ध प्रकाश पर्व मना रहे हैं. मैं और मेरी पत्नी जिल बाइडन दिवाली की शुभकामनाएं देते हैं। आपका नया साल उम्मीदों, खुशियों और समृद्धि से भरा हो. (नया) साल मुबारक।”

LALIT Kumawat
Author: LALIT Kumawat