DESH KI AAWAJ

राजकीय उप चिकित्सालय नसीराबाद में आयोजित रक्तदान शिविर में छावनी परिषद के कर्मचारियों ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए उत्साह पूर्वक किया रक्तदान

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। नसीराबाद के राजकीय उप चिकित्सालय एवं रोटरी क्लब के सानिध्य में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में छावनी परिषद, नसीराबाद के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साकिब आलम के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से छावनी परिषद के कर्मचारियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता और सेवा भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला। इसी सकारात्मक प्रेरणा के परिणामस्वरूप परिषद के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान शिविर में भाग लिया।
शिविर में आशीष शर्मा, रवि प्रकाश (सफाई निरीक्षक), छोटेलाल सहित परिषद के अनेक सफाई कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा हेतु महत्वपूर्ण योगदान दिया। कर्मचारियों के इस प्रेरणादायी कार्य की चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों एवं उपस्थित जनसमुदाय द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई। इस अवसर पर छावनी परिषद, नसीराबाद ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान” है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज एवं मानवता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है तथा इससे समाज में सेवा, सहयोग, भाईचारे एवं मानवीय संवेदनाओं को नई मजबूती मिलती है।
छावनी परिषद, नसीराबाद सदैव जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। परिषद के कर्मचारियों द्वारा किया गया यह सामूहिक स्वैच्छिक रक्तदान समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अन्य नागरिकों को भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा। शिविर में पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने आकर रक्तदाताओं का हौसला अफजाई कर रक्तदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में राजकीय सामान्य चिकित्सालय, नसीराबाद के पीएमओ एवं रोटरी क्लब के अध्यक्ष डा विनायक गोंड, चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं मानव सेवा से जुड़े आयोजनों में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की। साथ ही सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया।

admin
Author: admin