DESH KI AAWAJ

श्री चन्द्र नाथ आदर्श विद्या मंदिर में नवप्रवेशित विधार्थियों के स्वागत पर भव्य सुन्दरकाण्ड पाठ के साथ हवन यज्ञ का किया आयोजन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। नसीराबाद के देरांठू रोड स्थित श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य सुन्दरकाण्ड पाठ, हवन एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप मंत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य राजेश एवं संतोष दीदी के सान्निध्य में विधि-विधान से हवन सम्पन्न कराया गया, जिसमें विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने आहुति देकर राष्ट्र, समाज एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। कार्यक्रम में विद्या भारती संस्थान, अजमेर के जिला सचिव संजय शर्मा, विद्यालय सचिव मधु धाभाई, प्रधानाचार्य राजेश , श्री कन्या आदर्श विद्या मंदिर, नसीराबाद के प्रधानाचार्य ब्रिजेश मुगदल, उपाध्यक्ष सुनील वर्मा सहित, आचार्य-दीदी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सुन्दरकाण्ड पाठ के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं पवनपुत्र हनुमान के सजीव एवं आकर्षक स्वरूप प्रस्तुत किए। भैया-बहनों द्वारा सुसज्जित राम दरबार सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। साथ ही “राम आएंगे” भजन पर प्रस्तुत भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बाल हनुमान के मनोहारी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना प्राप्त की।
प्रधानाचार्य राजेश ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। सुन्दरकाण्ड पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात जिला सचिव संजय शर्मा, विद्यालय सचिव मधु धाभाई, प्रधानाचार्य राजेश , प्रधानाचार्य ब्रिजेश मुगदल, उपाध्यक्ष सुनील वर्मा, समस्त आचार्य-दीदी एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक आरती कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। जिला सचिव संजय शर्मा, विद्यालय सचिव मधु धाभाई एवं प्रधानाचार्य राजेश जी ने विद्यार्थियों को विद्यालय की परंपराओं, संस्कारों एवं अनुशासित जीवन के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत जिला सचिव संजय शर्मा की अध्यक्षता में नव नियुक्त आचार्य-दीदी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संस्कारमय शिक्षा, संगीत प्रशिक्षण, विद्यालय शुल्क एवं आगामी सत्र की योजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला सचिव ने आचार्य-दीदी का मार्गदर्शन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया। बैठक में सभी ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

admin
Author: admin