नसीराबाद उपखण्ड कार्यालय में आयोजित हुई बैठक, बैठक में निर्वाचन कार्यों से सम्बंधित विभिन्न पहलुओं पर हुई विस्तृत चर्चा
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। उपखण्ड कार्यालय, नसीराबाद के सभागार में देवीलाल यादव, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (ईआरओ) (एसडीएम) नसीराबाद की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र, नसीराबाद के एईआरओ राजीव बड़गुजर (एसडीएम) पीसांगन भागीरथ, तहसीलदार पीसांगन, श्रीमती ममता यादव, तहसीलदार नसीराबाद एवं अजयपाल, नायब तहसीलदार श्रीनगर तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि के रूप में भाजपा की ओर से मुकेश चौधरी, हीरा सिंह रावत, संजय यादव, नितिन शर्मा और कांग्रेस की ओर से सम्पत सिंह राठौड़, शैतान सिंह रावत, महिपाल गुर्जर इत्यादि उपस्थित हुए।
बैठक के दौरान ईआरओ द्वारा सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलए-02 (Booth Level Agent) की नियुक्ति निर्धारित प्रपत्र बीएलए-2 फॉर्म आईडी के माध्यम से सुनिश्चित करें। यह नियुक्तियाँ मतदाता सूचियों के स्वस्थ, निष्पक्ष व सटीक पुनरीक्षण हेतु अत्यंत आवश्यक हैं।
इसके अतिरिक्त बैठक में आगामी निर्वाचन कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें मतदाता सूची अद्यतन, योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ना, अपात्र नाम हटाना तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने जैसे विषय शामिल रहे।
ईआरओ ने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की तथा निर्वाचन कार्यों को पारदर्शी व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित पक्षों से सकारात्मक सहभागिता की अपील की।


