ब्रेकिंग न्यूज(सनसनीखेज खबर)
गहनों के लिए बुजुर्ग महिला का गला और पैर काटे, कट्टे में डालकर झाड़ियों में फैंका शव, सिर और पंजे मिले गायब
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नागौर में सामान लेने निकली बुजुर्ग महिला की गला और पैर काटकर हत्या कर दी। शव को कट्टे में डालकर गांव के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया। आरोपी महिला की करीब 7 लाख रुपए की ज्वेलरी भी लूटकर ले गए। महिला रविवार सुबह से लापता थी। सोमवार सुबह 11:30 बजे उसकी लाश मिली। मामला नागौर जिले के पादू कलां थाना क्षेत्र के पंचरडा गांव का है।
एस एच ओ उमाशंकर शर्मा ने बताया- जांच में सामने आया कि महिला की हत्या लूट के लिए की गई है। महिला का सिर नहीं मिला है और न ही दोनों पैर के पंजे मिले हैं। शव के पास मिले मोबाइल से उसकी पहचान हुई। महिला की ज्वेलरी भी गायब है।
चरवाहे ने कट्टे में पड़ा देखा था शव
पादू कलां थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा ने बताया- पालड़ी गांव निवासी नाथी देवी (70) रविवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जाने की कहकर घर से निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार को बकरी चराने वाले युवक ने पचरंडा के कांकड़ क्षेत्र में झाड़ियों में कट्टा पड़ा देखा। उसने कट्टे में झांका तो उसमें महिला का शव नजर आया। इसके बाद उसने दौड़ कर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
7 लाख की ज्वेलरी लूटी
नाथी देवी के पोते मुकेश ने बताया कि दादी ने गले में सोने की ठुसी (नेकलेस), कानों में झुमके, पैरों में चांदी के कड़ला, चांदी झड़ा, चांदी का कंदोरा और सोने का बोर पहन रखा था। ये सब गायब हैं। इनकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है।
मुकेश ने बताया कि मेरे पिता और चाचा की पहले ही मौत हो चुकी है। हम 6 चचेरे भाई मजदूरी कर गुजारा करते हैं।

