DESH KI AAWAJ

मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनों का हुआ गरिमामय सम्मान

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में “मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन – आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान” राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम मंगलवार को जिलेभर में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अंबेडकर भवन, ब्यावर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 600 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वर्चुअल संवाद के माध्यम से जुड़कर पर्व की गरिमा को साझा किया। कार्यक्रम में पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, श्रीमती शशिबाला सोलंकी, अपर जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, एससीईओ गोपाल लाल, कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती नीरू सांखला, सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने “पोषण शपथ” लेकर समाज में कुपोषण उन्मूलन हेतु अपने संकल्प को दोहराया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मातृ एवं शिशु कल्याण, पोषण, प्राथमिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला हैं। दूरदराज़ की बस्तियों, गांव-ढाणियों में घर-घर जाकर ये बहनें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक समुचित सेवाएं पहुंचाकर समाज के सबसे निचले स्तर तक कल्याणकारी योजनाओं को साकार करती हैं। इनका समर्पण, अनुशासन और संवेदनशील सेवा भाव ही राजस्थान को ‘सुपोषित राज्य’ बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम में शामिल सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को माननीय मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए छाते एवं मिठाई का वितरण मौके पर किया गया, जिससे सभी प्रतिभागी बहनों में उत्साह और आत्मसम्मान की भावना देखने को मिली। जिला स्तरीय आयोजन की एक विशेष छवि उस समय देखने को मिली जब आंगनबाड़ी बहनों द्वारा मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों व जिला प्रशासन के अधिकारियों को आत्मीयता से रक्षा सूत्र बांधा गया, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता और सम्मान का वातावरण और अधिक प्रगाढ़ हो गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने कहा—

“यह आयोजन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रमाण है। आप सभी बहनें मातृ-शिशु पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो योगदान दे रही हैं, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। मैं जिला प्रशासन की ओर से आप सभी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं और रक्षाबंधन के इस पर्व पर आपको व आपके परिजनों को मंगलमयी शुभकामनाएं देता हूं।”

कलेक्टर मीना ने यह भी बताया कि हाल ही के बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में दो वर्षों में 10% की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना और दूध युक्त बाल आहार जैसी पहलों के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत सप्ताह में पांच दिन बच्चों को गर्म दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान को हाल ही में राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो राज्य की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जिला प्रशासन, ब्यावर की ओर से समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं सादर धन्यवाद। आपके अथक प्रयासों से ही राज्य और समाज में सुपोषण, स्वास्थ्य और सेवा की उजास निरंतर प्रकाशित हो रही है।

admin
Author: admin