भादरा: जयपुर में प्रस्तावित मंहगाई हटाओ रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने की बैठक
भादरा: जयपुर में प्रस्तावित मंहगाई हटाओ रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने की बैठक
-नियामत जमाला-
भादरा, 9 दिसंबर /:स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को यहाँ 12 दिसंबर को जयपुर में प्रस्तावित ‘ मंहगाई हटाओ रैली ‘ की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक की । बैठक में पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी एवं ब्लॉक कांग्रेस देहात के निवर्तमान अध्यक्ष सतपाल नेहरा ने कार्यकर्ताओं से जयपुर रैली को सफल बनाने पर चर्चा व विचार विमर्श किया। बैठक में उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर की रैली में हम पूरी ताकत से शामिल होंगे। पूरे देश से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। हमारा आलाकमान, हमारे मुख्यमंत्री, कार्यसमिति के सदस्य व सांसदों सहित सभी लोग रैली में आएंगे। विदित रहे कि कांग्रेस की मंहगाई के खिलाफ यह रैली पहले नई दिल्ली में होनी थी लेकिन वहां मंजूरी नहीं मिलने के कारण बाद में इसे जयपुर में रखा गया है। बैठक में पूर्व संसदीय सचिव जयदीप डूडी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ लोग मंहगाई घटाने में विफल रहे हैं व अपने कुछ मित्र पूंजपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए मंहगाई को बढ़ाया जा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस देहात के निवर्तमान अध्यक्ष सतपाल नेहरा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खुदरा मूल्य कम हो रहे हैं और हमारे देश में ये बढ़ते जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंहगाई कम हो रही है और हमारे देश में बढ़ती जा रही है। उत्पाद शुल्क बढ़ा-बढ़ाकर केंद्र सरकार अपने खजाने भरकर लोगों की जेबें खाली कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा लोगों की जेबों पर डाका डाला जा रहा है। उसके बारे में लोगों को हम जागरूक करेंगे। बैठक में संजीव पूनियां , मास्टर रणजीत दुहरिया समेत काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
फोटो-जयपुर रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक का दृश्य

