डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लिए प्रत्यक्ष अभिकर्ता एवं क्षेत्र अधिकारी होंगे नियुक्त, 11 दिसम्बर को प्रवर अधीक्षक डाकघर अजमेर मण्डल कार्यालय में होगा साक्षात्कार
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर डाक मण्डल के अंतर्गत डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के नवीन व्यवसाय में वृद्धि के उद्देश्य से प्रत्यक्ष अभिकर्ता (Direct Agent) एवं क्षेत्र अधिकारी (Field Officer) के पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। यह साक्षात्कार 11 दिसम्बर, शुक्रवार को प्रातः 11 बजे प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल, आगरा गेट कार्यालय में आयोजित होगा।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल ने बताया कि उक्त दोनों पद पूर्णतः अस्थायी आधार पर होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा किए गए व्यवसाय एवं प्रदर्शन के आधार पर विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार प्रोत्साहन राशि (Incentive) प्रदान की जाएगी। इन पदों पर किसी प्रकार का मासिक अथवा स्थायी वेतन देय नहीं होगा। भविष्य में स्थायी नियुक्ति का कोई दावा अथवा परिवाद स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष अभिकर्ता पद के लिए आवेदक का केंद्र अथवा राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। इस पद के लिए बेरोजगार एवं स्वनियोजित युवा, भूतपूर्व जीवन बीमा सलाहकार, पूर्व बीमा एजेंट, भूतपूर्व सैनिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल एवं पंचायत से जुड़े व्यक्ति तथा अन्य विभागों में कार्यरत ऎसे सरकारी कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें मण्डल प्रमुख द्वारा इस पद के लिए योग्य माना जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र अधिकारी पद के लिए केंद्र अथवा राज्य सरकार के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) पात्र होंगे। ग्रुप ए एवं बी सहित सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक के विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक अथवा न्यायिक प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना बायोडाटा, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज तथा अनुभव प्रमाण-पत्रों के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल के कार्यालय में उपस्थित हों।
उन्होंने बताया कि अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को सुरक्षा जमा राशि के रूप में 5,000 रुपये की राष्ट्रीय बचत पत्र राष्ट्रपति महोदय के नाम प्लेज करवाकर मण्डल कार्यालय, अजमेर में जमा करवानी होगी। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

