DESH KI AAWAJ

सराना थाना पुलिस की कामयाबी, ढाई वर्ष से फरार डोडा पोस्त तस्करी के वांछित आरोपी को किया गिरफतार

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग/अजमेर

अजमेर । पुलिस थाना सराना ने अवैध डोडा पोस्त तस्करी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए पिछले करीब ढाई वर्ष से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी से तस्करी नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी नाहरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी नाहरसिंह ने बताया कि 24 जनवरी 2024 को रतनपुरा रोड स्थित केबानिया की सरहद में एक बिना नंबर की जली हुई पिकअप ट्रॉला बरामद हुई थी। तलाशी के दौरान वाहन से 519 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया था। तस्करों ने अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से वाहन में आग लगा दी थी। इस संबंध में थाना सराना में एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। उनसे पूछताछ के आधार पर गोकुलसिंह पुत्र मांगुसिंह (26) निवासी बोरखेड़ा, थाना बड़लियास, जिला भीलवाड़ा की संलिप्तता सामने आई। आरोपी एक अन्य एनडीपीएस मामले में उप कारागृह झाड़ोल (उदयपुर) में निरुद्ध मिला। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब आरोपी से अवैध डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी नाहरसिंह, कांस्टेबल रामनिवास, अरुण तथा अभिषेक शामिल रहे।

admin
Author: admin