फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र से लोक सेवा आयोग अजमेर में 2022 में नियुक्ति पाने वाला स्टेनोग्राफर गिरफ्तार
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर में फर्जी दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आधार पर स्टेनोग्राफर की नोकरी पाने वाले अरुण शर्मा को अजमेर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने वर्ष 2018 की संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा में दिव्यांग कोटे का लाभ लेकर 2022 में नियुक्ति हासिल की थी। इस मामले को लेकर पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी वन्दिता राणा ने बताया कि 13 अगस्त 2025 को आरपीएससी के अनुभाग अधिकारी मुकुट शर्मा ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि अरुण शर्मा ने कूटरचित दिव्यांगता प्रमाण के आधार पर नौकरी प्राप्त की थी। आरोपी अरुण नागौर जिले के डेगाना जावा सिसोदिया का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।

