डा. सोनल असेरी, नेत्र विशेषज्ञ को स्वतंत्रता दिवस पर मिला सम्मान
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय अजमेर में आयोजित समारोह में डॉ. सोनल असेरी, नेत्र विशेषज्ञ को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉ राकेश पोरवाल ने बताया कि डॉ. असेरी वर्तमान में केरेटोप्लास्टी कार्यक्रम की नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं और अब तक 20 से अधिक केरेटोप्लास्टी (कॉर्निया प्रत्यारोपण) सर्जरी सफलतापूर्वक कर चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि नेत्रहीन एवं दृष्टिबाधित रोगियों के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है। इस अवसर पर उन्हें पुरस्कार प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य डॉ. अनिल सामरिया एवं अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने उनके कार्य की सराहना की और कहा कि डॉ. असेरी का योगदान न केवल चिकित्सा क्षेत्र में बल्कि मानवीय सेवा में भी अद्वितीय है। डॉ. असेरी ने इस सम्मान को अपनी टीम और संस्थान को समर्पित करते हुए कहा कि उनका प्रयास आगे भी लोगों की दृष्टि बहाल करने और उन्हें बेहतर जीवन देने का रहेगा।


