वरिष्ठ अध्यापक ग्रुप सी का स्थगित पेपर और गरीब नवाज के उर्स का कुल एक ही दिन 29 को, असमंजस में अभ्यर्थी
वरिष्ठ अध्यापक ग्रुप सी का स्थगित पेपर और गरीब नवाज के उर्स का कुल एक ही दिन 29 को, असमंजस में अभ्यर्थी
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा 2022 के स्थगित किए गए ग्रुप सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा मनोविज्ञान परीक्षा का पेपर 29 जनवरी को लेना निश्चित किया है।
आयोग के इस निर्णय से अभ्यर्थी असमंजस में हैं। दरअसल इसी दिन अजमेर में महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 811 वें उर्स के कुल की रस्म और छठी है। इस मौके पर देश भर के करीब 3 लाख जायरीन अजमेर में होंगे। आयोग द्वारा 24 दिसंबर 2022 को आयोजित किए जाने वाला सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा मनोविज्ञान परीक्षा का पेपर लीक प्रकरण के चलते परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्थगित कर दिया था। आयोग ने जल्द बाजी में इसके पुन: आयोजन की तिथि 29 जनवरी भी तय कर दी। हालांकि परीक्षा वाले दिन रविवार है और सभी कार्यालय बंद रहेंगे, लेकिन आयोग का अजमेर में भरने वाले उर्स को लेकर संभवतया ध्यान नहीं गया। उर्स वाले दिन परीक्षा से अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानी का अंदाजा नहीं लगाया गया। आयोग द्वारा एक पारी में ही यह परीक्षा होगी, लेकिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लिए केंद्र की व्यवस्था करना मुश्किल होगा।
ये होगी परेशानी
अजमेर में होटलों व गेस्ट हाउसों में कमरे नहीं मिलेंगे। जायरीन से होटल व गेस्ट हाउस फुल रहेंगे।
यदि पाकिस्तानी जायरीन का दल अजमेर आया तो मुख्य परीक्षा केंद्र सेंट्रल गर्ल्स स्कूल नहीं मिलेगा। यहां पर पाकिस्तान के जायरीन को ठहराया जाएगा।
शहर के कुछ प्रमुख स्कूल भी उर्स में ड्यूटी के लिए आने वाले पुलिसकर्मी, सीआईडी, सीबीआई, स्काउट गाइड और अन्य महकमों के कार्मिकों को ठहराने के लिए उपयोग में आएंगे।
3.74 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे
अजमेर सहित प्रदेश के 28 जिलों में इस परीक्षा में 3.74 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे। इनमें से करीब 25 हजार अभ्यर्थी अजमेर के परीक्षा केंद्रों पर बैठने वाले हैं।
22 से शुरू हो रहा है उर्स
रजब का चांद दिखाई देने पर 22 जनवरी की रात से उर्स की रसुमात शुरू हो जाएंगी। ऐसे में देश भर से जायरीन की आवक अजमेर में होगी। जिस दिन गरीब नवाज के उर्स का छोटा कुल व छठी होगी यानी 29 जनवरी को, उस दिन अजमेर में 3 लाख से अधिक जायरीन होंगे। जिला प्रशासन उर्स की व्यवस्थाओं में जुटा है ।

