अजमेर ACB की PWD में कार्रवाई
अजमेर ACB की PWD में कार्रवाई
डिवीजन अकाउंट ऑफिसर ट्रेप, बकाया बिल पास करने की एवज में ली 10 हजार की रिश्वत
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर एसीबी ने बुधवार को कार्यवाही करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के डिवीजन अकाउंट ऑफिसर को 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवादी से सड़क निर्माण कार्य के बकाया बिल पास कराने के लिए रिश्वत मांगी थी। एसीबी द्वारा आरोपी के अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है।
एसीबी पुलिस निरीक्षक मीरा बेनीवाल ने बताया कि एसीबी को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि सड़क निर्माण कार्य के बकाया बिल पास करने की एवज में सार्वजनिक निर्माण विभाग के डिविजनल अकाउंट ऑफीसर द्वारा आधा प्रतिशत कमीशन के रूप में 10 हजार रुपए रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। एसीबी ने परिवादी से मिली शिकायत के बाद शिकायत का सत्यापन किया और बुधवार को कार्यवाही करते हुए जिला जयपुर निवासी सार्वजनिक निर्माण विभाग अजमेर के डिविजनल अकाउंट ऑफिसर अनिल दायमा पुत्र वीरसिंह दायमा को गिरफ्तार किया। जिन्हें परिवादी से 10 हजार की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों पकड़ा।
अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी
एसीबी पुलिस निरीक्षक मीरा बेनीवाल ने बताया कि आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की भी तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

