श्री चन्द्र नाथ आदर्श विद्या मंदिर में मातृ शक्ति सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन, नारी शक्ति व मातृ शिक्षा का दिया संदेश
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । नसीराबाद के देरांठू रोड स्थित
विद्या भारती संस्थान, अजमेर द्वारा संचालित श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को मातृ शक्ति सम्मेलन सत्र 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्रीमती सुषमा शर्मा (व्याख्याता, राजकीय विद्यालय, देराठू), विशिष्ट अतिथि श्रीमती संजू गुर्जर (सामाजिक कार्यकर्ता, ढाल) तथा अध्यक्ष (विद्यालय सचिव) श्रीमती मधु धाभाई व कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजेश सहित कुल 32 माताओं-बहनों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीपमंत्र के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य राजेश ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। विद्यालय की बहनें खुशी गुर्जर एवं खुशी मेहरा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। सुनीता दीदी ने अंग्रेजी भाषा में सभी माताओं-बहनों का स्वागत करते हुए मातृ शक्ति सम्मेलन के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता श्रीमती सुषमा शर्मा ने अपने उद्बोधन में मातृ शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज एवं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका उपयोग जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में करना चाहिए। शिक्षित एवं संस्कारवान माताएं अपने बच्चों के जीवन निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने माताओं को बच्चों में अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास एवं देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती संजू गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति परिवार की नींव, समाज की पहचान और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। नारी के बिना परिवार एवं समाज की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि माँ का सम्मान ही समाज का उत्थान है और शिक्षित माँ ही सशक्त परिवार का निर्माण करती है। उन्होंने सभी माताओं से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने तथा उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को रोचक एवं मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम 30 सेकंड में फूल-बाती तैयार करने की प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात कक्षा 9 की बहनों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया।
सम्मेलन में रामायण एवं महाभारत पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें माताओं-बहनों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाली विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सुमन दीदी ने मातृ शक्ति पर आधारित प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की, वहीं दीपिका दीदी ने मातृ शक्ति को समर्पित सुंदर गीत गाकर कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बनाया। अंत में टेबल-डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा विजेता को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मुख्य वक्ता, विशिष्ट अतिथि, विद्यालय सचिव, सभी माताओं-बहनों तथा आचार्य-दीदियों का आभार व्यक्त किया। मातृ शक्ति सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य माताओं को शिक्षा, संस्कार, पारिवारिक मूल्यों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम ने मातृ शक्ति के सम्मान, महिला सशक्तीकरण और शिक्षित परिवार के निर्माण का प्रेरणादायक संदेश दिया।


