DESH KI AAWAJ

देरांठू में ‘समावेश रथ’ के तहत धूमधाम से मनाया दीपोत्सव, दिव्यांगो के साथ पूजा अर्चना व सुरक्षित आतिशबाजी के दिया समानता व समावेशन का सन्देश

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। राजस्थान महिला कल्याण मंडल (RMKM), चाचियावास द्वारा संचालित ‘समावेश रथ (Inclusion on Wheels)’ परियोजना के अंतर्गत श्रीनगर ब्लॉक की देराठू ग्राम पंचायत में धनतेरस के पावन पर्व पर विशेष समावेशी दीपावली कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समावेश रथ, आरोग्य सारथी टीम गाँव के दिव्यांगजनों, बच्चों, महिलाओं और पंचायत प्रतिनिधियों सहित ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ धनतेरस के शुभ अवसर पर विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। नवनिर्वाचित सरपंच चम्पा दिनेश चौधरी तथा उपसरपंच राजकुमार जैन, ‘दिव्यांग जगत’ न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार मुकेश वैष्णव तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने उपस्थित दिव्यांग साथियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर सामूहिक पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखते हुए दिव्यांग बच्चों व साथियों के साथ सुरक्षित तरीके से फुलझड़ियाँ जलाई गईं और पारंपरिक रूप से खुशियाँ साझा की गईं। फुलझड़ियों की रोशनी और आतिशबाजी के बीच नन्हे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश चौधरी ने कहा कि दीपावली का वास्तविक मर्म तभी सार्थक होता है जब समाज का हर व्यक्ति खुद को बराबरी पर महसूस करे। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे दिव्यांगजनों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न कर समानता और आत्मीयता का व्यवहार करें। वरिष्ठ पत्रकार मुकेश वैष्णव ने समाज में ‘समावेशन’ (Inclusion) की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को दया की नहीं, समान अधिकार और अवसरों की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों एवं प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देराठू पंचायत में सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और समावेशन का एक प्रेरक वातावरण देखने को मिला।

admin
Author: admin